Chhattisgarh

Re-NEET (UG) परीक्षा के लिए अलर्ट, मोबाइल-घड़ी समेत कई वस्तुएं केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित

21 जून को होगी परीक्षा, अभ्यर्थियों की होगी सघन जांच; केवल एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और पारदर्शी पानी की बोतल की अनुमति

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली Re-NEET (UG) परीक्षा के लिए सुरक्षा और परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

मोबाइल समेत कई वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध

एनटीए के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, ईयरफोन, हेडफोन, पेन ड्राइव, कैमरा, नोट्स, रफ शीट, ज्योमेट्री बॉक्स, पेन, पेंसिल, पर्स, बैग, ज्वेलरी, सिक्के, चाबी, धूप का चश्मा, टोपी, स्कार्फ, ऊंची एड़ी के जूते, चप्पल तथा पूरी बाजू की शर्ट सहित अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाना पूरी तरह वर्जित रहेगा।

केवल ये दस्तावेज साथ लाने की अनुमति

अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में केवल पूर्ण रूप से भरे हुए एडमिट कार्ड की प्रिंटेड कॉपी, पोस्टकार्ड आकार का फोटो, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, मूल वैध पहचान पत्र (आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि) तथा पारदर्शी पानी की बोतल ही साथ ला सकेंगे।

11 बजे से शुरू होगी रिपोर्टिंग

परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित समय के भीतर ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।

बायोमेट्रिक सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से जांच

परीक्षा केंद्रों में प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन जांच भी की जाएगी, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।

सामान रखने की नहीं होगी व्यवस्था

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार का सामान रखने की व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे परीक्षार्थियों को केवल आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही परीक्षा केंद्र भेजें।

Related Articles

Back to top button