Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपा

सहकारिता को हम सब लोगों को मिलकर जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है – पूर्व नेता प्रतिपक्ष चंदेल

कुटरा में सहकारिता सेवा सप्ताह का आयोजन पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा

नवागढ़ विकासखंड के ग्राम कुटरा में सहकारिता सेवा सप्ताह के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारिता किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है, इसलिए इसे जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर पूरे देश में सहकारिता सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में सहकारिता को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक बिलासपुर की उपाध्यक्ष रजनी साहू ने किसानों को सरकार की विभिन्न कृषि एवं सहकारिता योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। ग्राम कुटरा पहुंचने पर नारायण चंदेल एवं रजनी साहू का किसानों और सेवा सहकारी समिति के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और आसपास के गांवों के किसान उपस्थित रहे। अंत में प्रधानमंत्री के आह्वान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सभी ने सोसायटी परिसर में पौधारोपण किया।

Related Articles

Back to top button