national

केरल में अनोखी शादी: जुड़वा बहनों ने जुड़वा भाइयों संग रचाया ब्याह, जुड़वा पादरियों ने कराई रस्में

माता-पिता का अनोखा सपना हुआ पूरा

कोट्टायम। केरल के कोट्टायम जिले के चंगनासेरी में एक बेहद अनोखा और यादगार विवाह समारोह देखने को मिला। यहाँ दो जुड़वा बहनों ने दो जुड़वा भाइयों के साथ एक ही मंडप में शादी रचाई। इस शादी की सबसे दिलचस्प बात यह रही कि विवाह की तमाम धार्मिक रस्में कराने वाले पादरी (प्रीस्ट) भी जुड़वा भाई ही थे।

जुड़वा पादरियों ने कराईं शादी की रस्में

चंगनासेरी स्थित मेट्रोपॉलिटन चर्च में वेत्तुपारांबिल निवासी अखिल के. थॉमस का विवाह मागी मैरी थॉमस के साथ हुआ, जबकि अखिल के जुड़वा भाई निखिल के. थॉमस ने मागी की जुड़वा बहन मारिया मैरी थॉमस संग फेरे लिए। इस अनोखी शादी को फादर ऐंटो पेजुमकत्तिल और फादर अजो पेजुमकत्तिल नाम के जुड़वा पादरियों ने संपन्न कराया।

मर्चेंट नेवी और आईटी में कार्यरत हैं नवदंपति

दुल्हन बनीं बहनों ने बताया कि उनके माता-पिता का हमेशा से सपना था कि उनकी बेटियों का विवाह जुड़वा भाइयों से हो और रस्में भी जुड़वा पादरी ही कराएं। ईश्वर की कृपा से उनका यह सपना सच साबित हुआ। दूल्हे अखिल और निखिल मर्चेंट नेवी में कार्यरत हैं, वहीं मागी और मारिया आईटी सेक्टर में अपनी सेवाएं दे रही हैं। इस अनूठे समागम और दुर्लभ संयोग के साक्षी बने मेहमानों के लिए भी यह शादी जीवनभर याद रहने वाला पल बन गई।

Related Articles

Back to top button