
सूचना मिलते ही शुरू किया गया खोज अभियान, वैधानिक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर-चांपा
थाना सारागांव पुलिस ने लापता एक नाबालिग बालिका को सूचना मिलने के महज पांच घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार, सूचना मिलते ही तत्काल खोजबीन अभियान शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने की सूचना थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में तत्काल खोजबीन शुरू की गई।
अलग-अलग टीमों ने चलाया सर्च अभियान
सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में थाना सारागांव पुलिस की अलग-अलग टीमों को संभावित स्थानों पर रवाना किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब पांच घंटे के भीतर नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
वैधानिक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपा
आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस त्वरित कार्रवाई पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की।




