दृष्टिबाधा नहीं बनी रुकावट: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती को भेंट किया लैपटॉप

जशपुर की होनहार छात्रा के शिक्षक बनने के सपने को मिली डिजिटल उड़ान, जनदर्शन में रखी मांग पर समाज कल्याण विभाग ने तैयार कराया विशेष सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप
रायपुर। मजबूत इरादों और लगन के आगे शारीरिक चुनौतियां भी घुटने टेक देती हैं। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम गोरिया की शत-प्रतिशत दृष्टिबाधित छात्रा जयमंती खेस के शिक्षक बनने के सपने को अब आधुनिक तकनीक का मजबूत संबल मिला है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने ग्राम बगिया स्थित अपने निवास पर जयमंती को विशेष सहायक सॉफ्टवेयर से युक्त लैपटॉप भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
“शिक्षक बनना चाहती हूं”- छात्रा के आत्मविश्वास ने मोहा मन
वर्तमान में रायपुर के शासकीय डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बीए अंतिम वर्ष की छात्रा जयमंती से मुख्यमंत्री ने आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री द्वारा भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर जयमंती ने पूरे आत्मविश्वास के साथ शिक्षक बनने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं, पूरी लगन से मेहनत कर अपने लक्ष्य को हासिल करें। उन्होंने दोहराया कि दिव्यांग विद्यार्थियों को संसाधन और अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनदर्शन की पहल से संवेदनशीलता के साथ मिला समाधान
जयमंती ने उच्च शिक्षा में आ रही दिक्कतों को दूर करने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में विशेष लैपटॉप की मांग रखी थी। छात्रा के जज्बे को देखते हुए प्रशासन व समाज कल्याण विभाग ने तत्परता दिखाते हुए उनकी जरूरतों के अनुकूल सॉफ्टवेयर युक्त लैपटॉप तैयार कराया। मुख्यमंत्री ने स्वयं यह लैपटॉप सौंपकर छात्रा की समस्या का संवेदनशीलता से समाधान किया, जिससे जयमंती के चेहरे पर खुशी खिल उठी।
विशेष सॉफ्टवेयर बनेगा डिजिटल आंखें, सुनकर कर सकेंगी पढ़ाई
इस आधुनिक लैपटॉप में विशेष सहायक वॉयस सॉफ्टवेयर इंस्टाल किया गया है, जो स्क्रीन पर प्रदर्शित डिजिटल अध्ययन सामग्री, ई-बुक्स और नोट्स को आवाज में बदलकर सुनाएगा। इस सुविधा की मदद से जयमंती बिना किसी पर निर्भर हुए स्वतंत्र रूप से उच्च शिक्षा की तैयारी कर सकेंगी। मुख्यमंत्री के इस सहयोग और प्रोत्साहन ने जयमंती के हौसलों को नई ऊर्जा दी है।




