महतारी वंदन योजना से बदली महिलाओं की जिंदगी, मुख्यमंत्री साय ने ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का किया विमोचन

पत्रकार निशा द्विवेदी की पुस्तक में योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभव और जीवन में आए बदलावों को किया गया है संकलित
🔴 Aaj Ki Baat News | रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 22 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में पत्रकार निशा द्विवेदी द्वारा लिखित दो भागों में प्रकाशित पुस्तक ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ का विमोचन किया। पुस्तक में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभव, जीवन में आए बदलाव और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदमों को संकलित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने योजना के प्रभाव पर रखी बात
मुख्यमंत्री साय ने पुस्तक के प्रकाशन पर लेखिका को बधाई देते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने प्रदेश की महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल देने के साथ उनके आत्मविश्वास और परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत मिलने वाली राशि महिलाएं बच्चों की पढ़ाई, पोषण, स्वास्थ्य, घरेलू आवश्यकताओं और बचत के लिए उपयोग कर रही हैं। नियमित रूप से बैंक खाते में राशि मिलने से महिलाओं में आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का भाव मजबूत हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी जनकल्याणकारी योजना की वास्तविक सफलता उसके लाभार्थियों के जीवन में दिखाई देने वाले बदलाव से मापी जाती है। ‘महतारी वंदन अभिनंदन’ में योजना से जुड़ी महिलाओं के अनुभवों को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
70 लाख महिलाओं को मिल रही सहायता
मुख्यमंत्री के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जा रही है। योजना की 30 किश्तों के माध्यम से अब तक लगभग 19 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कौशल विकास और आजीविका के माध्यम से उनके सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है।
मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े ने पुस्तक की सराहना की
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी रजवाड़े ने कहा कि पुस्तक में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं के अनुभवों और संवेदनाओं को स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव जाकर महिलाओं से संवाद करना और उनके जीवन में आए बदलावों को पुस्तक के रूप में संजोना चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने लेखिका निशा द्विवेदी के प्रयास की सराहना करते हुए पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं दीं।
विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं के अनुभव शामिल
लेखिका निशा द्विवेदी ने बताया कि पुस्तक के दोनों भागों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की उन महिलाओं की कहानियों और अनुभवों को शामिल किया गया है, जिन्हें महतारी वंदन योजना से आर्थिक संबल मिला है। पुस्तक में नियमित आर्थिक सहायता से महिलाओं की दैनिक जरूरतों, आत्मविश्वास और आर्थिक निर्णय लेने की क्षमता पर पड़े प्रभाव को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार कृष्णा दास, जनसंपर्क आयुक्त रजत बंसल, गौरी शंकर श्रीवास, शताब्दी पांडेय सहित महिला पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




