पामगढ़ में रंजिश के चलते चाकू व बेसबॉल स्टिक से जानलेवा हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

पूर्व नियोजित षड्यंत्र रचकर किया था खूनी वार, गंभीर घायल बिलासपुर रेफर; खून सने कपड़े व हथियार जप्त
🔴 आज की बात News |जांजगीर-चांपा । जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चण्डीपारा में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों पर चाकू और बेसबॉल स्टिक से प्राणघातक हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के एक आरोपी रितेश जायसवाल को अकलतरा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल युवक को नाजुक हालत में बिलासपुर रेफर किया गया है।
रास्ता रोककर किया ताबड़तोड़ हमला
प्रार्थी कमलेश यादव की रिपोर्ट के अनुसार, 15 सितंबर को मवेशी से जुड़े विवाद में हुई मारपीट को लेकर रंजिश चल रही थी। 16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे जब प्रार्थी अपने साथी गोलू उर्फ संजय मिरी के साथ बाइक से पामगढ़ आ रहा था, तभी चण्डीपारा मेन रोड के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने रास्ता रोक लिया। पूर्व नियोजित साजिश के तहत आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। आकाश ने चाकू से संजय मिरी की पीठ पर कई वार किए, जबकि मुक्कु ने बेसबॉल स्टिक व रितेश ने हाथ-मुक्के से मारपीट की।
अकलतरा से दबोचा गया आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, एएसपी यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी तोमेश वर्मा के नेतृत्व में पामगढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर 25 वर्षीय आरोपी रितेश जायसवाल को अकलतरा से दबोच लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, बेसबॉल स्टिक और घायल के खून से सने कपड़े विधिवत जप्त किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 126(2), 296, 351(3), 109(1), 61(2) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
इस त्वरित धरपकड़ कार्रवाई में पामगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सउनि प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक राजेश कोशले, आरक्षक भुनेश्वर पटेल एवं विनोद मनहर की सराहनीय भूमिका रही।




