जांजगीर में जाम से मिलेगी मुक्ति: बीटीआई चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर का सीमांकन, दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी


जिला प्रशासन, पुलिस, पालिका और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने किया सड़क का सर्वे; बिजली पोल होंगे शिफ्ट, अवैध पार्किंग पर कटेगा चालान
जांजगीर-चांपा। जांजगीर शहर में आए दिन लगने वाले भीषण जाम से आम नागरिकों को निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था को सुगम व सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त निर्देशन में राजस्व, पुलिस, यातायात, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बीटीआई चौक से कलेक्ट्रेट तिराहा तक विस्तृत तकनीकी सर्वे किया। इस दौरान निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर की चौड़ाई नापकर विधिवत सीमांकन व मार्किंग की गई।
सड़क सीमा में दुकान लगाने वालों को सख्त समझाइश
संयुक्त टीम ने सर्वे के दौरान सड़क सीमा के भीतर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों, फल-सब्जी विक्रेताओं और व्यवसायियों को सख्त हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुकानदार स्वेच्छा से सड़क व फुटपाथ से अपना अतिक्रमण हटा लें। दुकानदारों को अपने बोर्ड, फ्लेक्स और प्रचार बैनर 12 मीटर की निर्धारित सीमा से बाहर करने और दुकान का कोई भी सामान सड़क पर न फैलाने की अंतिम चेतावनी दी गई है।
शासकीय जमीनों पर विकसित होंगी नई पार्किंग
सड़क पर वाहनों के अव्यवस्थित जमावड़े को रोकने के लिए प्रशासन ने दीर्घकालिक योजना पर काम शुरू कर दिया है। मार्ग के दोनों ओर कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों का चिन्हांकन किया गया है। इसके अलावा आसपास उपलब्ध अन्य शासकीय जमीनों के राजस्व रिकॉर्ड खंगालकर उन्हें व्यवस्थित पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जा रही है, ताकि बाजारों में आने वाले लोगों को सुरक्षित वाहन पार्किंग मिल सके।
बीच सड़क के बिजली खंभे होंगे शिफ्ट
सर्वे के दौरान पाया गया कि सड़क के दोनों किनारों पर लगे पुराने विद्युत खंभों के कारण कई स्थानों पर मार्ग काफी संकरा हो गया है, जिससे लोग मजबूरी में खंभों के आसपास गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इस बाधा को दूर करने के लिए चिन्हांकित स्थलों से बिजली पोल हटाने (पोल शिफ्टिंग) के लिए विद्युत विभाग के साथ समन्वय बनाकर अग्रिम तकनीकी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
यातायात बाधित करने वालों पर चलेगा चालानी डंडा
प्रशासन ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि समझाइश के बाद भी यदि किसी व्यापारी द्वारा सड़क पर सामान फैलाया गया या वाहन चालकों द्वारा निर्धारित स्थलों के बजाय सड़क पर बेतरतीब पार्किंग कर आवागमन में व्यवधान डाला गया, तो उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और नगर पालिका अधिनियम के तहत कड़ी चालानी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन ने आम नागरिकों एवं व्यापारी वर्ग से अपील की है कि वे शहर को सुंदर, सुरक्षित और जाममुक्त बनाने में सहयोग करें तथा निर्धारित सड़क सीमा का पूरी निष्ठा से पालन करें।




