अकलतरा पुलिस की कार्रवाई: गाड़ी पर बैठने के विवाद में चाकू से प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी 16 माह बाद गिरफ्तार


सिंघानिया पेट्रोल पंप के सामने वारदात को अंजाम देकर घटना दिनांक से फरार था आरोपी, 8 साथी पूर्व में भेजे जा चुके हैं जेल
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मोहनपारा स्थित निवास पर दी दबिश, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
जांजगीर-चांपा। अकलतरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में पिछले 16 महीनों से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने शनिवार 14 नवंबर को आरोपी को उसके निवास स्थान पर दबिश देकर गिरफ्तार किया और घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामूली विवाद पर किया था प्राणघातक हमला
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अमन सारथी ने 6 अगस्त 2025 को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने साथियों मोनू उर्फ भुनेश्वर भैना, तिलेश्वर भैना और यानु नौरंग के साथ अकलतरा आया था। शाम करीब 7 बजे सिंघानिया पेट्रोल पंप के सामने तुलेश्वर भैना वहां खड़ी एक मोटरसाइकिल पर बैठ गया। इसी बात को लेकर यूडी यादव और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से हाथ-मुक्का, चैन व चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से निलेश्वर भैना के पेट में गंभीर चोट आई थी। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 3(5) और बाद में 191(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की थी।
घर आने की सूचना पर दबिश देकर पकड़ा
इस प्रकरण में कुल 9 आरोपी शामिल थे, जिनमें से 8 आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी थी, जबकि एक आरोपी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। शनिवार को फरार आरोपी के अपने घर आने की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित कर घेराबंदी की गई। टीम ने मोहनपारा वार्ड क्रमांक 07, रेलवे कॉलोनी अकलतरा निवासी आरोपी प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया (19 वर्ष 6 माह) को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी (क्रमांक CG 10 AU 5830) को जब्त कर लिया है और आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू, उपनिरीक्षक बाबूलाल कोसरिया, आरक्षक शेषनारायण साहू सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




