Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपापॉलिटिक्स

धान खरीदी की अव्यवस्थाओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी की चेतावनी रैली 16 नवंबर को: रकबा समर्पण और पोर्टल की त्रुटियों के खिलाफ जुटेंगे जिले के सभी कांग्रेस विधायक

मदनलाल अग्रवाल के पुराने पेट्रोल पंप चांपा रोड से सुबह 11 बजे निकलेगी रैली, शासन-प्रशासन का कराया जाएगा ध्यानाकर्षण

एग्रीस्टैक पंजीयन, पीवी एप्लिकेशन व भुइयां पोर्टल की खामियों से परेशान किसानों के हक में आवाज बुलंद करेगी कांग्रेस

जांजगीर-चांपा। जिले में धान खरीदी व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, विभागीय लापरवाही और तकनीकी त्रुटियों के कारण किसानों को हो रही परेशानियों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा सोमवार, 16 नवंबर को एक दिवसीय चेतावनी रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली प्रातः 11 बजे मदनलाल अग्रवाल के पुराने पेट्रोल पंप (चांपा रोड) से प्रारंभ होगी, जिसके माध्यम से किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए शासन-प्रशासन का ध्यानाकर्षण कराया जाएगा।

रकबा समर्पण के दबाव और तकनीकी त्रुटियों पर जताया विरोध

जिला कांग्रेस महामंत्री विवेक सिंह सिसोदिया ने बताया कि धान खरीदी के दौरान किसानों पर जबरन रकबा समर्पण का दबाव बनाया जा रहा है। इसके अलावा रकबा संशोधन में आ रही दिक्कतों, बचत धान के भौतिक सत्यापन, एग्रीस्टैक पंजीयन, पीवी (PV) एप्लिकेशन तथा भुइयां पोर्टल में दर्ज विभागीय त्रुटियों जैसी गंभीर समस्याओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। इन्हीं समस्याओं के चलते किसानों को अनावश्यक रूप से भटकना पड़ रहा है, जिसके विरोध में कांग्रेस द्वारा शासन-प्रशासन के समक्ष किसानों की आवाज बुलंद की जाएगी।

जिले के सभी कांग्रेस विधायक और वरिष्ठ नेता रहेंगे शामिल

जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस चेतावनी रैली में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, पामगढ़ विधायक शेषराज हरबंश और जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनके साथ ही जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, इंटक सहित सभी अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने जिले के समस्त किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रैली में पहुंचकर किसानों के हितों की इस लोकतांत्रिक लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button