Chhattisgarhक्राइमजाँजगीर -चाँपा

चांपा में हनी ट्रैप गिरोह का पर्दाफाश: सोशल मीडिया के जरिए मिलने बुलाकर की मारपीट व लूटपाट, कोतवाली पुलिस ने युवती सहित 6 आरोपियों को दबोचा

स्नैपचैट पर दोस्ती कर रायगढ़ के युवक को मड़वा प्लांट के पास बुलाया, चाकू की नोक पर ₹60 हजार नगद और सोने की अंगूठी लूटी; ₹30 हजार नगद, मोबाइल और दो बाइक जप्त

जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म स्नैपचैट के माध्यम से युवक से दोस्ती कर उसे हनी ट्रैप में फंसाने और मिलने के बहाने बुलाकर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल एक युवती सहित कुल 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹30 हजार नगद, वारदात में प्रयुक्त मोबाइल फोन और 02 मोटरसाइकिल जप्त की गई हैं।

मिलने के बहाने बुलाकर की मारपीट और लूट

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला रायगढ़ निवासी प्रार्थी मनीष वर्मा की स्नैपचैट के जरिए रायगढ़ क्षेत्र की ही एक युवती से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने उसे मिलने के लिए लगातार चांपा बुलाया। बीते 04 नवंबर 2026 को प्रार्थी अपने मित्र के साथ कार से युवती से मिलने चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और युवती के साथ कार से आगे चला गया।

रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास 06 युवक कार के पास पहुंचे और चाकू दिखाकर प्रार्थी को बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और बेल्ट से उसकी बेदम पिटाई की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए ₹60 हजार नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। जांच के दौरान इस पूरी साजिश में युवती की भी संलिप्तता सामने आई।

कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई में सभी आरोपी गिरफ्तार

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 308(2), 111(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन और सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर युवती सहित सभी 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12 जांजगीर निवासी अमित राठौर (21), हसदेव विहार कॉलोनी जांजगीर निवासी रवि झलरिया (24), ग्राम महुदा थाना चांपा व हाल खडफड़ी पारा वार्ड क्रमांक 21 जांजगीर निवासी किशन कर्ष (21), लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी जांजगीर व हाल भोजपुर मिशन हॉस्पिटल थाना चांपा निवासी कुनाल पाण्डेय (20), ग्राम जोबी (जर्वे च) थाना जांजगीर निवासी मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19) तथा जिला रायगढ़ क्षेत्र की एक युवती शामिल हैं।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील

मामले में आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय पूरी सतर्कता बरतें। बिना पर्याप्त पहचान और पुष्टि किए किसी से मिलने न जाएं, विशेषकर सुनसान और एकांत स्थानों पर जाने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।

Related Articles

Back to top button