नैला में अमेरिका के स्वामीनारायण मंदिर की तर्ज पर बना 150 फीट ऊंचा भव्य पंडाल: 35 फीट ऊंची रत्नजड़ित मां दुर्गा और लेजर शो बना मुख्य आकर्षण


आकाश में उड़ते दिखे संकटमोचन हनुमान, गूंजी भगवान शिव की महिमा; नवरात्रि के पहले दिन जांजगीर-चांपा जिले के देवीधामों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि पर्व के पहले ही दिन जांजगीर-चांपा जिले में भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। अवकाश का दिन होने के कारण नगर व ग्रामीण अंचलों के सभी प्रमुख शक्तिपीठों एवं देवी मंदिरों में सुबह से ही दर्शनार्थियों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा। वहीं, पूरे प्रदेश में अपनी भव्यता के लिए विख्यात रेलवे स्टेशन नैला में श्री श्री दुर्गा पूजा उत्सव समिति द्वारा इस वर्ष अमेरिका स्थित स्वामीनारायण मंदिर के प्रारूप पर 150 फीट ऊंचे पंडाल का भव्य निर्माण कराया गया है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है।

150 फीट ऊंचे शिखर पर साउंड के साथ भव्य लेजर लाइट शो
नैला दुर्गोत्सव समिति द्वारा इस बार पंडाल के बाह्य स्वरूप को हाईटेक और आलौकिक स्वरूप दिया गया है। 150 फीट ऊंचे पंडाल के मंदिर शिखर पर रात के समय लेजर लाइट और साउंड शो का विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है। अंधेरे आकाश में लेजर किरणों के माध्यम से हवा में उड़ते भगवान हनुमान, प्रभु श्रीराम की गोद में विराजित पवनपुत्र और देवाधिदेव महादेव की विराट छवि देखते ही बन रही है। ध्वनि और प्रकाश के इस अद्भुत तालमेल को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शाम ढलते ही पंडाल के समक्ष पहुंच रहे हैं।

35 फीट ऊंची रत्नजड़ित मां दुर्गा की मनोहारी प्रतिमा
पंडाल के भीतरी भाग में स्थापित मां दुर्गा की 35 फीट ऊंची भव्य और विशाल प्रतिमा श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रही है। पूरी प्रतिमा को नवरत्न और आकर्षक आभूषणों से सुसज्जित किया गया है, जिसकी सौम्यता और दिव्यता देखते ही बनती है। वैदिक मंत्रोच्चार और घट स्थापना के साथ माता की आराधना विधिवत शुरू हो चुकी है।

चांपा, शिवरीनारायण, अकलतरा और बलौदा में भी दुर्गोत्सव की धूम
जिले के प्रमुख व्यापारिक नगर चांपा, पावन धार्मिक नगरी शिवरीनारायण, अकलतरा और बलौदा में भी विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक और अनूठी थीम पर आधारित भव्य पंडाल तैयार किए गए हैं। पहले ही दिन से नगरवासियों के साथ आसपास के ग्रामीण अंचलों से भारी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन और कलात्मक पंडालों का दीदार करने पहुंच रहे हैं।





