हसदेव नदी के तटवर्ती गांवों में अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, 25 हाइवा रेत और चैन माउंटेन मशीन जब्त


कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर सोंठी से गोविंदा तक 6 गांवों में आकस्मिक निरीक्षण, पूछेली और पिपरदा में भारी मशीनरी मिलने पर मचा हड़कंप
जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर मंगलवार को चांपा एसडीएम शशि चौधरी, तहसीलदार प्रशांत पटेल और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने हसदेव नदी के तटवर्ती इलाकों में आकस्मिक दबिश दी। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान अलग-अलग स्थानों से करीब 25 हाइवा अवैध रेत और भारी भरकम चैन माउंटेन मशीन जब्त की गई है।
प्रशासन की संयुक्त टीम ने नदी किनारे बसे सोंठी, पिपरदा, पूछेली, खपरीडीह, बम्हनीडीह और गोविंदा गांवों में एक साथ जांच अभियान चलाया। अचानक हुई इस छापेमारी से क्षेत्र के रेत कारोबारियों में खलबली मच गई और मौके पर अवैध रूप से डंप की गई रेत का बड़ा जखीरा प्रशासन के हाथ लगा।
तीन गांवों से 25 हाइवा रेत जब्त
निरीक्षण के दौरान टीम को पूछेली, पिपरदा और बम्हनीडीह में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध भंडारण मिला। अधिकारियों ने मौके पर ही पंचनामा तैयार कर करीब 25 हाइवा रेत को विधिवत जब्त कर लिया।
सूचना मिलते ही पकड़ी चैन माउंटेन मशीन
कार्रवाई के बीच प्रशासन को पूछेली और पिपरदा क्षेत्र में अवैध उत्खनन के लिए चैन माउंटेन मशीन मौजूद होने की गोपनीय सूचना मिली। टीम ने बिना समय गंवाए बताए गए ठिकानों पर पहुंचकर घेराबंदी की और चैन माउंटेन मशीन को मौके से जब्त कर लिया।
रेत माफियाओं पर जारी रहेगी निगरानी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हसदेव नदी के तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





