मंदिर की जमीन पर 3 साल तक बेचा धान, 2.20 लाख बोनस फर्जीवाड़े में किसान, समिति प्रबंधक व ऑपरेटर को नोटिस; चांपा SDM ने 7 दिन में मांगा जवाब


हथनेवरा स्थित महादेव स्थान की 5.42 एकड़ भूमि का अनधिकृत पंजीयन कर लिया योजना का लाभ, पोर्टल से खसरा हटाने की प्रक्रिया शुरू
जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर 2026। धान खरीदी और ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत शासकीय राशि के अनियमित आहरण के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम हथनेवरा स्थित मंदिर (ट्रस्ट) की भूमि का अनधिकृत पंजीयन कराकर लगातार तीन वर्षों तक धान बेचने और ₹2,19,957 की बोनस राशि आहरित करने के मामले में कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर चांपा एसडीएम शशि कुमार चौधरी ने कड़ा रुख अपनाया है। प्रशासन ने संबंधित कृषक के साथ-साथ सेवा सहकारी समिति मर्यादित चांपा के तत्कालीन व वर्तमान समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
तुलसी (तहसील शिवरीनारायण) निवासी संतोष कुमार लहरे की शिकायत पर तहसीलदार चांपा, सहकारिता विस्तार अधिकारी और खाद्य निरीक्षक बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने मामले की जांच की थी। जांच में सामने आया कि ग्राम चांपा निवासी कृषक सीताराम द्विवेदी ने ग्राम कुरदा स्थित अपनी 1.8550 हेक्टेयर निजी भूमि के साथ ग्राम हथनेवरा स्थित ‘महादेव स्थान चांपा’ की 2.1930 हेक्टेयर (5.42 एकड़) मंदिर भूमि को भी अपने व्यक्तिगत किसान पंजीयन में जोड़ लिया था।
बिना दस्तावेज जांचे तीन साल किया कैरी फॉरवर्ड
शासन के नियमों के मुताबिक ट्रस्ट या मंदिर की भूमि पर कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने की पात्रता नहीं है। इसके बावजूद समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू ने राजस्व अभिलेख (B-1) का सत्यापन किए बिना वर्ष 2023-24 में इस भूमि का पंजीयन कर दिया। इतना ही नहीं, वर्ष 2024-25 और 2025-26 में भी एग्रीस्टैक व किसान पोर्टल के जरिए इसे लगातार ‘कैरी फॉरवर्ड’ कर सत्यापित किया जाता रहा।
261.22 क्विंटल अतिरिक्त धान बेचकर लिया लाभ
जांच प्रतिवेदन के अनुसार कृषक की निजी भूमि के आधार पर उसकी वैध धान विक्रय पात्रता प्रति वर्ष 96.26 क्विंटल ही थी। लेकिन मंदिर की भूमि को पंजीयन में शामिल किए जाने से उसने तीन वर्षों में कुल 261.22 क्विंटल अतिरिक्त धान बेचकर ₹2.20 लाख की बोनस राशि का अनियमित आहरण कर लिया।
सात दिन में जवाब नहीं देने पर होगी कार्रवाई
चांपा एसडीएम ने कृषक सीताराम द्विवेदी, समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू को 7 दिनों के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। तय समय में जवाब नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत एकपक्षीय कार्रवाई की जाएगी, वहीं पोर्टल से मंदिर की भूमि के खसरों को तत्काल विलोपित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।




