Chhattisgarhधर्म भक्ति

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भिलाई पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सेक्टर-6 गुरुद्वारे में मत्था टेककर मांगी प्रदेश की खुशहाली; संगत के साथ लंगर में ग्रहण किया प्रसाद

पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष नवाया शीश, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व जनप्रतिनिधि भी समारोह में रहे शामिल

रायपुर, 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर भिलाई के सेक्टर-6 स्थित गुरुद्वारा श्री सिंह सभा में आयोजित प्रकाश पर्व समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेका और पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाकर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि व खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धाभाव से संगत के साथ लंगर में बैठकर प्रसाद भी ग्रहण किया।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी गुरुद्वारे में मत्था टेका और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

सिख समाज को दी प्रकाश पर्व की बधाई

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गुरु नानक देव जी की जयंती को हम सभी प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हैं। उन्होंने इसे बड़े सौभाग्य का विषय बताते हुए कहा कि इस पावन दिन पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष शीश नवाने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने सिख समाज के संतजनों, समाज के बंधुओं, माताओं-बहनों और युवा साथियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिख समाज का आशीर्वाद और मार्गदर्शन निरंतर मिलता रहे।

जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक रिकेश सेन, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी और प्रेम प्रकाश पांडेय विशेष रूप से मौजूद रहे। इनके अलावा संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, आईजी अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के संतजन, पदाधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button