उधारी के पैसों के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी रायपुर से गिरफ्तार, खोखरा हत्याकांड का पुलिस ने किया पर्दाफाश; ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ ने दिलाया था अहम सुराग


एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी पहले ही जा चुका है जेल, शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद दिया था वारदात को अंजाम
जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी कौशल सूर्यवंशी (40) को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे की है। ग्राम खोखरा के सूर्या चौक निवासी कौशल सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और देवनारायण सूर्यवंशी तीनों एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
घटनास्थल से सीधे कातिल के घर तक पहुंचा था डॉग ‘गब्बर’
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम (SOCU) और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। जांच के दौरान पुलिस ट्रेकर डॉग ‘गब्बर’ ने घटनास्थल से गंध सूंघते हुए सीधे मुख्य आरोपी कौशल सूर्यवंशी के घर की ओर दौड़ लगा दी। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो वह फरार मिला। हालांकि, पुलिस ने दबिश देकर सह-आरोपी इतवारी सूर्यवंशी (42) को 19 नवंबर को ही गिरफ्तार कर लिया था।
रायपुर में छिपा था मुख्य आरोपी, पूछताछ में कबूला जुर्म
एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में पुलिस टीम लगातार मुख्य आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी बीच उसके रायपुर में छिपे होने की पुख्ता सूचना मिली, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर कौशल सूर्यवंशी को धर दबोचा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पैसों के विवाद में पत्थर से सिर कुचलकर देवनारायण की हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।





