Chhattisgarhnational

बीजापुर के जंगल में जमीन के अंदर छिपा नक्सलियों का ‘कुबेर का खजाना’ बरामद, खुदाई के दौरान स्टील के डिब्बे से निकले 39.77 लाख रुपये नगद

भैरमगढ़ के बड़ेपल्ली गांव के पास चलाया गया संयुक्त सर्चिंग अभियान, 500-500 रुपये के नोटों के बंडल जब्त; नक्सली फंडिंग के स्रोत की जांच शुरू

बीजापुर, 25 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों की आर्थिक कमर तोड़ते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेपल्ली गांव के पास स्थित जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया नकदी का एक बड़ा डंप बरामद किया गया है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने मौके से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद जब्त किए हैं।

पुलिस को 24 नवंबर को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि बड़ेपल्ली के जंगल में नक्सलियों ने जमीन के नीचे कोई संदिग्ध सामान छिपाकर रखा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश पर डीआरजी, भैरमगढ़ थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया।

बोरी के भीतर स्टील के डिब्बे में टेप से लिपटे मिले नोटों के पैकेट

सर्चिंग के दौरान बीडीएस टीम ने संदिग्ध स्थान पर जमीन की खुदाई और बारीकी से जांच की। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे एक बोरी में छिपाकर रखा गया स्टील का डिब्बा बरामद हुआ। जवानों ने जब डिब्बे को खोला तो उसके अंदर टेप से लिपटे हुए कई पैकेट मिले। इन पैकेटों की जांच करने पर उनमें 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां निकलीं, जिनकी गिनती करने पर कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नगद पाए गए।

नक्सलियों की लेवी व फंडिंग के नेटवर्क की जांच तेज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह भारी-भरकम रकम नक्सलियों द्वारा भविष्य की गतिविधियों या किसी बड़ी साजिश के लिए जंगल में छिपाकर रखी गई थी। नकदी की बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि यह रकम किस नक्सली कैडर की थी, कहां से वसूली गई थी और इसे किस उद्देश्य से डंप किया गया था।

Related Articles

Back to top button