क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

यात्री बस रोककर कंडक्टर से मारपीट व लूट, दो आरोपी गिरफ्तार

खरौद नहीं ले जाने पर भड़के बदमाशों ने स्टील के कड़े से हमला कर लूटे थे 450 रुपये

शिवरीनारायण पुलिस ने चंद मिनटों में दबोचकर भेजा न्यायिक रिमांड पर

जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। यात्री बस को बीच रास्ते में रोककर कंडक्टर से मारपीट करने और नकदी लूटने के मामले में शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के चंद मिनटों बाद ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 450 रुपये की नकदी और हमले में प्रयुक्त स्टील का कड़ा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों में सुकुलपारा खरौद निवासी 22 वर्षीय आदतन बदमाश स्वप्निल यादव और एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल है, जिन्हें गुरुवार को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

रूट को लेकर हुए विवाद में की मारपीट और लूट

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कसडोल (जिला बलौदाबाजार) निवासी रामकिशन साहू (31 वर्ष) साहू बस सर्विस (क्रमांक सीजी 08 एम 7555) में पिछले 12 वर्षों से कंडक्टर का काम कर रहा है। 25 नवंबर की शाम करीब 6:15 बजे वह रायपुर से लवन, ससहा और भुईगांव होते हुए यात्री बस लेकर शिवरीनारायण की ओर आ रहा था। जैसे ही बस ग्राम खरौद के देवरी मोड़ के पास पहुंची, वहां खड़े दो युवकों ने हाथ देकर बस रुकवाई और अंदर चढ़ गए। कंडक्टर द्वारा गंतव्य पूछे जाने पर दोनों ने बस को खरौद ले जाने के लिए कहा। कंडक्टर ने जब बस के सीधे शिवरीनारायण जाने और खरौद नहीं जाने की बात कही, तो दोनों भड़क गए।

कंडक्टर को लहूलुहान कर हाथ से छीने रुपये

विवाद बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और कंडक्टर पर हमला कर दिया। इस दौरान स्वप्निल यादव ने हाथ-मुक्कों से और विधि से संघर्षरत बालक ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से कंडक्टर के चेहरे पर वार किया। बीच-बचाव करने आए बस के हेल्पर सनी साहू के साथ भी दोनों ने मारपीट की। हमले में कंडक्टर के होंठ और पीठ में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने जबरन बस रुकवाई और कंडक्टर के हाथ में रखे यात्रियों के किराये के 450 रुपये लूटकर मौके से उतर गए।

घेराबंदी कर पुलिस ने चंद मिनटों में दबोचा

पीड़ित कंडक्टर की लिखित शिकायत पर थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 127(2), 309(6) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर तत्काल पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद मिनटों में ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने पर स्वप्निल यादव के पास से 300 रुपये तथा विधि से संघर्षरत बालक के पास से 150 रुपये व घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा जब्त किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सउनि संतोष बंजारे तथा आरक्षक टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार, राजेश कौशिक व यशवंत पाटले की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button