ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में मना संविधान दिवस, 26/11 के शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि


विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को बताए गए मौलिक अधिकार व कर्तव्य
प्राचार्या सोनाली सिंह बोलीं – संविधान के आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची राष्ट्रभक्ति
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर 2026। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल बनारी में गुरुवार को संविधान दिवस और 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी के अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। संस्था संचालक आलोक अग्रवाल, डॉ. गिरिराज गढ़ेवाल और प्राचार्या सोनाली सिंह के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में शिक्षकों व विद्यार्थियों ने संविधान के महत्व, डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान और मुंबई हमले के शहीदों के बलिदान को याद किया।

संविधान की संरचना और मौलिक कर्तव्यों की दी जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या सोनाली सिंह और उपप्राचार्या भीष्मिता साहू ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की। प्रार्थना सभा में शिक्षिका मनदीप कौर ने संविधान के प्रमुख अनुच्छेदों, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए समानता व न्याय आधारित समाज के निर्माण में बाबा साहेब की भूमिका बताई। इसके बाद शिक्षक योगेश देवांगन ने संविधान की संरचना और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार बताया।
मुंबई हमले के शहीदों को किया नमन
शिक्षिका विनीता पांडे ने 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए शहीद सुरक्षाकर्मियों और निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की एकता और शांति बनाए रखने की अपील की। अंत में प्राचार्या सोनाली सिंह ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने बच्चों से अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन कर जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।



