Chhattisgarhजाँजगीर -चाँपाधर्म भक्तिरायपुर

परमात्मा की प्राप्ति के लिए मन का शांत होना जरूरी, शिव और विष्णु एक ही तत्व के दो स्वरूप -स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने व्यास पीठ की पूजा कर लिया आशीर्वाद

महंत रामसुंदर दास के सान्निध्य में चल रहे महोत्सव में पूर्व राज्यपाल ने सराहे सनातन धर्म के कार्य, प्रदेश भर से जुटे जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु

रायपुर, 26 नवंबर 2026। राजधानी स्थित श्री दूधाधारी मठ महोत्सव सत्संग भवन में आयोजित श्री राम कथा में श्रोताओं को कथा का रसपान कराते हुए अवधपुरी धाम से पधारे स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि भगवत सेवा कोई सामान्य व्यक्ति नहीं कर सकता, बल्कि जो देवत्व स्वरूप होते हैं, वही भगवान की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब तक मन शांत नहीं होगा, तब तक आनंद स्वरूप परमात्मा की प्राप्ति संभव नहीं है। मन दूषित रहने पर पास विराजित परमात्मा भी दिखाई नहीं देते।

शिव और विष्णु एक ही परमात्मा के भिन्न स्वरूप

कथा के दौरान स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज ने कहा कि भगवान शिव और भगवान विष्णु में कोई अंतर नहीं है, दोनों एक ही परमात्मा के भिन्न-भिन्न स्वरूप हैं। उन्होंने भागवत वक्ता के लक्षण बताते हुए कहा कि वक्ता को इंद्रियों के विषयों से विरक्त, वैष्णव, वेद-शास्त्रों का ज्ञाता तथा अनेक दृष्टांतों से कथा समझाने में समर्थ होना चाहिए। सृष्टि की रचना पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि जगत में स्त्री तत्व केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु-पक्षी, पेड़-पौधे और समस्त रचनाओं में व्याप्त है। उन्होंने यह भी कहा कि माता भगवती जब भगवान नारायण के साथ गरुड़ पर या श्रीराम व श्रीकृष्ण के साथ रथ पर आती हैं, तो शुभ होता है, लेकिन जब वे अकेले उल्लू पर सवार होकर आती हैं, तो वह शुभ संकेत नहीं माना जाता।

पूर्व राज्यपाल रमेश बैस ने व्यास पीठ की पूजा कर लिया आशीर्वाद

श्री राम कथा में त्रिपुरा, झारखंड और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल रमेश बैस भी शामिल हुए। उन्होंने व्यास पीठ की पूजा-अर्चना कर स्वामी यतिराजाचार्य जी महाराज से आशीर्वाद लिया। अपने संबोधन में रमेश बैस ने कहा कि पूज्य राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी महाराज सनातन धर्म को आगे बढ़ाने के लिए पूरे वर्ष आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करते रहते हैं। उन्होंने इस मठ से अपने परिवार के पुराने जुड़ाव और पूर्व आचार्य स्वामी वैष्णव दास जी महाराज के आशीर्वाद को भी स्मरण किया।

प्रदेश भर से शामिल हुए गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु

कथा श्रवण के लिए राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, पूर्व अध्यक्ष किरणमयी नायक, कृषक कल्याण परिषद के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, पूर्व कुलपति शिवकुमार पांडे, रतलाम (मध्य प्रदेश) से आए आचार्य विजय अरोड़ा जी महाराज सहित ठाकुर चंद्रभान सिंह, पुरुषोत्तम मिश्रा, अनिल तिवारी, अर्जुन तिवारी, श्याम कश्यप, रेखेंद्र तिवारी, प्रहलाद धीवर, मनोज यादव, रफीक अडानी, खिलेंद्र वर्मा, भूषण ठेठवार, सुमित तिवारी, प्रेमदास बघेल, लाल बंधु वैष्णव, त्रयंबकेश्वर वैष्णव, डॉ. रामचंद्र पटेल सहित मठ से जुड़े विभिन्न गांवों के किसान और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button