क्राइमछत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

शिवरीनारायण से बाइक पार करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश: सक्ती जिले के 3 युवक गिरफ्तार, 1.05 लाख की 5 बाइक बरामद

काली मंदिर के पास नाकाबंदी में पकड़े गए बिना नंबर गाड़ी वाले संदिग्ध; पूछताछ में खुला चौपाटी व दुकान की पार्किंग से चोरी का राज

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले की शिवरीनारायण थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजिला स्तर पर सक्रिय तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिल समेत कुल 5 गाड़ियां बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। पकड़े गए तीनों आरोपी पड़ोसी जिले सक्ती के निवासी हैं।

चौपाटी और कपड़ा दुकान की पार्किंग से पार हुई थीं मोटरसाइकिलें

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी कासम मोहम्मद (निवासी खपराडीह, गिधौरी) की हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 22 AK 4094) 26 जुलाई 2026 को शिवरीनारायण चौपाटी से अज्ञात चोर ने पार कर दी थी, जिस पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर जांच की जा रही थी। वहीं, एक अन्य मामले में प्रार्थी राकेश कुमार साहू (निवासी तुस्मा) की हीरो स्प्लेंडर प्लस (CG 11 BL 7239) को गुलजारी लाल सीताराम शर्मा कपड़ा दुकान की पार्किंग से चुराया गया था। लगातार हो रही इन वारदातों को गंभीरता से लेते हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने विशेष अभियान चलाकर आरोपियों की धरपकड़ के कड़े निर्देश दिए थे।

काली मंदिर के पास चेकिंग में बिना नंबर की गाड़ियों के साथ धराए

एडिशनल एसपी युलैण्डन यार्क और एसडीओपी तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में शिवरीनारायण पुलिस ने 3 अक्टूबर की शाम पुल चौक स्थित काली मंदिर के पास रणनीतिक नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान दो बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइकों पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर रोका गया। इनमें से एक बाइक दीपक चंद्रा और दूसरी कान्ता पटेल चला रहा था, जबकि सुनील चंद्रा पीछे बैठा था। कागजात मांगने पर जब वे गोलमोल जवाब देने लगे, तो पुलिस ने हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में युवकों ने शिवरीनारायण क्षेत्र से वाहन चोरी करने का जुर्म कबूल कर लिया।

सक्ती जिले के तीन आरोपी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

गिरफ्तार आरोपियों में दीपक चंद्रा (23 वर्ष), कान्ता पटेल (20 वर्ष) और सुनील चंद्रा (24 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम डोमा, चौकी छपोरा, थाना मालखरौदा (जिला सक्ती) के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 2 हीरो स्प्लेंडर प्लस, घटना में प्रयुक्त 1 पैशन प्लस तथा 2 अन्य बिना नंबर की गाड़ियां (बजाज पल्सर 150 व एचएफ डीलक्स) बरामद की हैं। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक के.पी. सिंह, सउनि संतोष बंजारे, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन तथा आरक्षक पतिराम यादव, टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार कश्यप, मुकेश साहू, राजेश कश्यप और यशवंत पाटले की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button