जातिगत गाली-गलौज और मारपीट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा। जिले की अजाक थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी हेमंत कुमार शर्मा (47 वर्ष), निवासी शिवरीनारायण, ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति के साथ जातिगत भेदभाव करते हुए मारपीट की थी और घटना के बाद से ही पुलिस को चकमा दे रहा था। घटना 28 दिसंबर 2025 की है। प्रार्थी रवि कुमार गुप्ता अपनी सीमांकन की हुई भूमि पर सीमेंट के खंभे गाड़ रहे थे। इसी दौरान आरोपी हेमंत कुमार शर्मा ने अपने अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपी ने सार्वजनिक रूप से प्रार्थी को जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की।
कानूनी शिकंजा: पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना अजाक में अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया था। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 351(2), 191(2), 191 के साथ-साथ अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला विवेचना में लिया गया था। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में सायबर सेल और थाना अजाक की टीम ने लगातार आरोपी की घेराबंदी की। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय जांजगीर में पेश किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर और प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक का विशेष योगदान रहा।




