शराब के लिए पैसे की मांग का विरोध करने पर ट्रैक्टर चालक से मारपीट

नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा न्यायिक रिमांड पर
जांजगीर-चांपा। ग्राम नवागढ़ के बनाई खार क्षेत्र में खेत जोताई कार्य में लगे एक ट्रैक्टर चालक से शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने और इंकार करने पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को ट्रैक्टर चालक बनाई खार में कृषि कार्य कर रहा था। इसी दौरान आरोपी चेतन कोसले (38 वर्ष), निवासी नवागढ़, मौके पर पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। ट्रैक्टर चालक द्वारा पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने ट्रैक्टर रुकवाया, गाली-गलौज की तथा हाथापाई की।
मारपीट के दौरान आरोपी द्वारा ट्रैक्टर चालक को जान से मारने की धमकी दी गई तथा उसका मोबाइल फोन जमीन पर फेंककर क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




