क्राइमजाँजगीर -चाँपा

सड़क किनारे शराब पीने से रोका तो युवक के पिता की ले ली जान, शिवरीनारायण पुलिस ने घंटों में आरोपी को दबोचा

बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग पर डंडे से किया था हमला, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा बरामद

जांजगीर-चांपा, 15 मई 2026। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना करना एक परिवार पर भारी पड़ गया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया, जहां बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के पिता पर आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है।

सार्वजनिक जगह पर शराब पीने को लेकर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार आरोपी उमाशंकर साहू (34 वर्ष) निवासी ग्राम तनौद, थाना शिवरीनारायण ने 14 मई की रात गांव में शराब पीने को लेकर हुए विवाद के दौरान मोहनलाल महिपाल पर जानलेवा हमला किया था। प्रार्थी सत्यवान महिपाल (24 वर्ष) ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह गांव के पंचराम पटेल के घर के सामने बैठा हुआ था। इसी दौरान उमाशंकर साहू वहां पहुंचा और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने लगा।

सत्यवान द्वारा मना करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। विवाद बढ़ता देख सत्यवान के पिता मोहनलाल महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने लकड़ी के डंडे से उनके सिर पर जोरदार हमला कर दिया।हमले के बाद मोहनलाल महिपाल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खरौद लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस ने अपराध क्रमांक 170/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक कपिल राम साहू, राजेंद्र क्षत्रिय, प्रधान आरक्षक मोहन साहू, आरक्षक नितिन द्विवेदी, विकास शर्मा, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले एवं थाना शिवरीनारायण स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button