पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर चाम्पा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में पुलिस पार्टी पर फायरिंग करने वाले फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान रामनाथ सबरिया (22 वर्ष) पिता छोटे बाबू गोंड़, निवासी वार्ड क्रमांक 01 राहोद, थाना शिवरीनारायण के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अपराध क्रमांक 44/2026 एवं 46/2026 के तहत फरार था। दिनांक 01 फरवरी की देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ग्राम बोड़सरा पहुंची, जहां आरोपी खंडहरनुमा मकान में छिपा मिला। पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर आरोपी ने देशी कट्टे से पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल जांजगीर में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद 03 फरवरी को आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव, निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, एएसआई अरुण सिंह सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।




