कृषि\किसानजाँजगीर -चाँपा

अकलतरा में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 360 बोरी खाद जब्त, गोदाम सीलबंद

सोनडीह स्थित कृषि केंद्र में बिना बिल, बिना रजिस्टर और बिना पॉस मशीन के खाद बिक्री पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की।

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमित वितरण के खिलाफ कृषि विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में कृषि विभाग ने अकलतरा विकासखंड के ग्राम सोनडीह में बड़ी कार्रवाई करते हुए 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट (एसएसपी) खाद जब्त कर गोदाम सीलबंद कर दिया है। उप संचालक कृषि राकेश शर्मा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शिकायत की जांच के लिए अकलतरा विकासखंड के उर्वरक निरीक्षक दल को मेसर्स ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र, ग्राम सोनडीह में औचक निरीक्षण के लिए भेजा गया।

बिना बिल और पॉस मशीन के बिक रहा था खाद

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कृषि केंद्र द्वारा बिना रजिस्टर में प्रविष्टि किए, बिना पॉस मशीन और बिना बिल के किसानों को खाद का विक्रय किया जा रहा था। अनियमितता पाए जाने पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।

360 बोरी खाद जब्त, गोदाम सीलबंद

उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 के तहत निरीक्षक दल ने 360 बोरी जिंकेटेड सिंगल सुपर फॉस्फेट उर्वरक जब्त कर लिया। साथ ही मेसर्स ज्ञानेश्वर कृषि केन्द्र के गोदाम को सीलबंद कर दिया गया।

निरीक्षक दल ने की कार्रवाई

कार्रवाई में प्रभारी वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ए.के. जाटव, उर्वरक निरीक्षक पी.आर. काटले तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी विकास मिश्रा शामिल रहे।

खरीफ सीजन में जारी रहेगी सख्ती

उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने कहा कि आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को उचित मूल्य पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button