क्राइमजाँजगीर -चाँपा

पुलिस पार्टी पर हमला: बुढ़ेना में सरकारी वाहनों पर पथराव, 5 आरोपियों को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

जांजगीर-चांपा : होली के त्यौहार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने निकली पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़ेना में बीती रात उपद्रवियों ने न केवल रास्ता रोका, बल्कि पुलिस के सरकारी वाहनों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 04 मार्च की रात लगभग 2:00 बजे की है। नवागढ़ पुलिस की पेट्रोलिंग पार्टी जब ग्राम राछाभाटा से सेमरा-बुढ़ेना मार्ग पर थी, तब उन्होंने देखा कि मुख्य मार्ग पर लकड़ी और पत्थर रखकर रास्ता जाम किया गया है। जैसे ही पुलिसकर्मी अवरोध हटाने के लिए गाड़ी से नीचे उतरे, झाड़ियों में छिपे उपद्रवियों ने अचानक पत्थरों की बारिश शुरू कर दी।
सरकारी वाहनों के टूटे शीशे, मची अफरा-तफरी
हमले में पुलिस के दो शासकीय वाहनों के आगे और पीछे के शीशे पूरी तरह टूट गए। अचानक हुए इस हमले के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर 5 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपी

अनीश यादव (19 वर्ष) राज कश्यप (19 वर्ष) सुखराम कश्यप (22 वर्ष) परमेश्वर यादव (22 वर्ष)
(सभी निवासी: ग्राम बुढ़ेना, थाना नवागढ़)
नवागढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 324(3), 221, 132, 191(2) और लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक कमलेश कुमार सेडे (थाना प्रभारी नवागढ़) के साथ एएसआई रामकृष्ण आदित्य, प्रधान आरक्षक शिवनंदन जलतारे और आरक्षक राम सरकार, अमन राजपूत सहित पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button