जनगणना 2027: 16 अप्रैल से शुरू हुई स्व-गणना प्रक्रियापहली बार ऑनलाइन सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा, कलेक्टर ने खुद भरा फॉर्म

जांजगीर-चांपा, 17 अप्रैल 2026। जिले में जनगणना 2027 की तैयारियां तय कार्यक्रम के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इस बार नागरिकों को पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा दी गई है, जिसके तहत लोग घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं।
कलेक्टर ने किया स्व-गणना फॉर्म भरकर शुरुआत
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने स्वयं ऑनलाइन स्व-गणना प्रपत्र भरकर इस प्रक्रिया की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है, जिससे लोग मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से आसानी से जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
ऑनलाइन फॉर्म से मिलेगा यूनिक आईडी
स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी भरने के बाद नागरिकों को एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी। प्रगणक के घर आने पर इस आईडी को दिखाना आवश्यक होगा, जिससे प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जा सके।
1 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे
जो नागरिक ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उनके लिए 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।
दो चरणों में पूरी होगी जनगणना
जनगणना प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण में 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं गणना (HLO) का कार्य किया जाएगा। इसके लिए प्रगणक “Census 2027 & HLO” मोबाइल एप के माध्यम से डाटा संग्रह करेंगे।
गोपनीयता और सटीकता पर जोर
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि नागरिकों द्वारा दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही, स्व-गणना और फील्ड सर्वे के डाटा का बहुस्तरीय सत्यापन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे।





