छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

बदला जनदर्शन का दिन: अब हर सोमवार नहीं, मंगलवार को कलेक्ट्रेट में सुनी जाएगी जनता की फरियाद


जांजगीर-चांपा।  छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर  जन्मेजय महोबे ने जिले की प्रशासनिक कार्यप्रणाली में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। नए आदेश के अनुसार, अब कलेक्ट्रेट में आयोजित होने वाला साप्ताहिक जनदर्शन प्रत्येक सोमवार के बजाय हर मंगलवार को सुबह 11 बजे से आयोजित किया जाएगा।


सोमवार को होगी समीक्षा, मंगलवार को जनदर्शन

प्रशासन द्वारा जारी नए शेड्यूल के मुताबिक, सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को प्रातः 10 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में ‘समय-सीमा’ (TL) की साप्ताहिक समीक्षा बैठक होगी। इस बैठक में लंबित शासकीय कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। वहीं, आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए ‘जनदर्शन’ का आयोजन अब मंगलवार को निर्धारित किया गया है।


अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए कड़े निर्देश
कलेक्टर ने स्पष्ट आदेश जारी किया है कि:

अनिवार्य उपस्थिति: प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को सभी विभाग प्रमुख, अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
सूचना पटल पर जानकारी: अधिकारियों को आम जनता से भेंट करने का निर्धारित समय अपने कार्यालय के सूचना पटल (नोटिस बोर्ड) पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करना होगा।
त्वरित निराकरण: कार्यालयीन लंबित प्रकरणों और आमजनों की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करना होगा।
उद्देश्य: इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाना और आम नागरिकों को अपने कार्यों के लिए भटकने से बचाना है। मंगलवार और बुधवार को अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित होने से दूर-दराज से आने वाले ग्रामीणों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Back to top button