मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुरू किया ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान, हर गांव में मुक्तिधाम और हर स्कूल में बालिका शौचालय

15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलेगा विशेष अभियान, ग्रामीण विकास कार्यों के लिए लगभग ₹6,855 करोड़ उपलब्ध होंगे
🛑 Aaj Ki Baat News | रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) के अंतर्गत राज्यव्यापी ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान प्रदेश के प्रत्येक गांव में प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम का निर्माण कराया जाएगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों के सभी शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।
6,671 बालिका शौचालय और 6,524 मुक्तिधाम बनेंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में 286.85 करोड़ रुपये की लागत से 6,671 बालिका शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। वहीं 391.44 करोड़ रुपये की लागत से 6,524 गांवों में प्रतीक्षालय सहित मुक्तिधाम बनाए जाएंगे। इसके अलावा 18.22 करोड़ रुपये की लागत से 549 अतिरिक्त मुक्तिधामों का भी निर्माण कराया जाएगा।
जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 10,027 बंद (डिफंक्ट) बोरवेलों में लगभग 52.14 करोड़ रुपये की लागत से रिचार्ज पिट एवं सैंड फिल्टर संरचनाएं विकसित की जाएंगी। इससे भू-जल स्तर बढ़ाने और वर्षा जल संरक्षण को नई गति मिलेगी।
ग्रामीण विकास के लिए लगभग ₹6,855 करोड़
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में मनरेगा और वीबी-जी राम जी मिशन के माध्यम से राज्य को लगभग 6,855 करोड़ रुपये उपलब्ध होंगे, जो ग्रामीण रोजगार और विकास कार्यों के लिए अब तक का बड़ा वित्तीय प्रावधान है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार से योजना की पहली किस्त के रूप में 1,538 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है।
ग्राम सभा की मंजूरी से होंगे कार्य, मजदूरी होगी ₹300 प्रतिदिन
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के अंतर्गत सभी विकास कार्यों का चयन ग्राम सभा की स्वीकृति से किया जाएगा। योजना में मजदूरी की दर 300 रुपये प्रतिदिन निर्धारित की गई है। इसमें जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु अनुकूलन सहित 318 प्रकार के विकास कार्य शामिल किए गए हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर आगे छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीबी-जी राम जी मिशन की तैयारियों में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। श्रमिकों की 98 प्रतिशत ई-केवाईसी, परिसंपत्तियों की 99 प्रतिशत जियो टैगिंग तथा युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से ग्राम पंचायत कार्ययोजना तैयार करने में राज्य अग्रणी रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, जल संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करते हुए आत्मनिर्भर एवं विकसित गांवों का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों का अनुमोदन ग्राम सभा से कराया जाएगा तथा डिजिटल मॉनिटरिंग, गुणवत्ता नियंत्रण और सामाजिक अंकेक्षण के माध्यम से पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।




