
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की समीक्षा, ग्राम स्तर तक प्रचार-प्रसार और पंजीयन में तेजी लाने के निर्देश।
🔴 Aaj Ki Baat News | जांजगीर चाम्पा
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अधिक से अधिक पात्र किसानों का 31 जुलाई 2026 तक फसल बीमा सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की इस किसान हितैषी योजना का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचना चाहिए।
ग्राम स्तर तक करें व्यापक प्रचार-प्रसार
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, बैंक और संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए ग्राम स्तर तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को योजना के लाभ, बीमा प्रीमियम, आवश्यक दस्तावेज और अंतिम तिथि की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर ने बीमा पंजीयन की दैनिक समीक्षा करने और जिन क्षेत्रों में पंजीयन की गति धीमी है, वहां विशेष अभियान चलाकर किसानों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।
इन फसलों का कराया जा सकता है बीमा
उप संचालक कृषि राकेश शर्मा ने बताया कि खरीफ वर्ष 2026 के लिए जिले में धान (सिंचित एवं असिंचित), अरहर, रागी, उड़द, मूंग, कोदो, कुटकी, मूंगफली, मक्का और सोयाबीन अधिसूचित फसलें हैं। जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का संचालन बजाज जनरल इंश्योरेंस द्वारा किया जा रहा है।
सिर्फ 2 प्रतिशत प्रीमियम पर मिलेगा लाभ
योजना के तहत किसानों को बीमित राशि का केवल 2 प्रतिशत प्रीमियम देना होगा। ऋणी और अऋणी दोनों प्रकार के किसान इसका लाभ ले सकते हैं। किसान सेवा सहकारी समितियों, ऋण प्रदायक बैंकों, सीएससी केंद्रों या प्रधानमंत्री फसल बीमा पोर्टल के माध्यम से 31 जुलाई 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ बीमा करा सकते हैं।
कलेक्टर की अपील
कलेक्टर ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और समय रहते अपनी अधिसूचित फसलों का बीमा कराकर योजना का लाभ लेने की अपील की।




