विधायक ब्यास कश्यप के प्रयास से नगरीय निकाय क्षेत्र में 62 लाख के विकास कार्यों को मिली स्वीकृति

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक ब्यास कश्यप के सतत प्रयासों से नगर पालिका जांजगीर-नैला क्षेत्र में कुल 62 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। यह स्वीकृति अधोसंरचना मद के अंतर्गत दी गई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक ब्यास कश्यप ने बताया कि नगर पालिका जांजगीर-नैला के सारथी मोहल्ला में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 10 लाख रुपये, चर्च के पास छतदार चबूतरा निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 02 में रहस बेड़ा के पास छतदार चबूतरा निर्माण के लिए 7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह वार्ड क्रमांक 04 में सिंधी धर्मशाला के पीछे सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये, सिटी क्लब जांजगीर में बहादुर गुरुजी स्मृति सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा मेजर ध्यानचंद हॉकी मैदान में खिलाड़ियों के लिए रेस्ट रूम निर्माण हेतु 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। विधायक श्री कश्यप ने कहा कि ये सभी विकास कार्य जनहित की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक थे, जिनके पूर्ण होने से नगर के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने इन कार्यों की स्वीकृति प्रदान करने के लिए उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उक्त विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। नागरिकों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।




