Chhattisgarh

बिलासपुर में ED की बड़ी स्ट्राइक: शराब घोटाले की आंच में सराफा कारोबारी, 17 किलो सोना और करोड़ों के हीरे जब्त

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने गुरुवार को बिलासपुर में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सराफा कारोबारी विवेक अग्रवाल के घर और सदर बाजार स्थित उनके शोरूम पर दबिश दी। दिनभर चली इस कार्रवाई में ईडी के हाथ भारी मात्रा में बेहिसाब संपत्ति लगी है।

करोड़ों का सोना, हीरा और नकदी बरामद
सूत्रों के मुताबिक, विवेक अग्रवाल के ठिकानों से ईडी को लगभग 17 किलो सोना और करीब 3 करोड़ रुपये के हीरे के हार मिले हैं। इसके अलावा बड़ी मात्रा में नकदी और निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। टीम ने श्रीराम ज्वेलर्स के स्टॉक और पिछले कुछ वर्षों के लेन-देन के रिकॉर्ड को बारीकी से खंगाला है।

फरार आरोपी विकास अग्रवाल से जुड़ा है कनेक्शन
विवेक अग्रवाल, शराब घोटाले के मुख्य आरोपी अनवर ढेबर के करीबी और लंबे समय से फरार चल रहे विकास अग्रवाल के भाई हैं। ईडी को संदेह है कि शराब घोटाले के सिंडिकेट से कमाए गए काले धन को ज्वेलरी और रियल एस्टेट में खपाया गया है। विकास अग्रवाल को इस पूरे घोटाले की अहम कड़ी माना जा रहा है, जिसकी तलाश में एजेंसियां जुटी हुई हैं।

CRPF की सुरक्षा में दिनभर चली जांच
गुरुवार तड़के जब ईडी की टीम विवेक अग्रवाल के घर पहुंची, तो हड़कंप मच गया। सुरक्षा के लिहाज से घर और दुकान के बाहर CRPF के जवानों को तैनात कर दिया गया था। जांच के दौरान किसी को भी अंदर या बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। टीम ने इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और बैंक खातों के विवरण भी जब्त किए हैं।

हो सकते हैं और भी बड़े खुलासे
ईडी की इस कार्रवाई से शहर के अन्य व्यापारियों और घोटाले से जुड़े संदिग्धों में हड़कंप है। जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच से आने वाले दिनों में यह साफ हो पाएगा कि शराब घोटाले की रकम और कहाँ-कहाँ निवेश की गई है। माना जा रहा है कि इस छापेमारी के बाद बिलासपुर और रायपुर के कुछ और रसूखदार लोग जांच के दायरे में आ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button