Chhattisgarhकोरबाजाँजगीर -चाँपा

निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा हाईवे पर आम वाहनों की एंट्री बंद, उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

NHAI ने बिलासपुर-उरगा खंड के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट किए बंद, सीसीटीवी निगरानी के बीच अनधिकृत प्रवेश पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी।

🔴 Aaj Ki Baat News

भारतमाला परियोजना के तहत विकसित किए जा रहे रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर (एनएच-130ए) के निर्माणाधीन बिलासपुर-उरगा खंड पर आम नागरिकों और सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने स्पष्ट किया है कि यह मार्ग अभी निर्माणाधीन है और सामान्य यातायात के लिए शुरू नहीं किया गया है। NHAI के अनुसार वर्तमान में इस मार्ग का उपयोग केवल परियोजना निर्माण कार्य में लगे वाहन, मशीनरी और अधिकृत कर्मचारी ही कर सकेंगे। आम वाहनों या नागरिकों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।

सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट किए गए बंद

एनएचएआई की परियोजना कार्यान्वयन इकाई, कोरबा के परियोजना निदेशक अंकित आनंद ने बताया कि निर्माणाधीन मार्ग पर अनधिकृत आवागमन रोकने के लिए सभी एंट्री एवं एग्जिट पॉइंट बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही पूरे खंड में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

CCTV से होगी निगरानी

निर्माणाधीन हाईवे पर सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद मार्ग में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों और वाहनों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की अपील

एनएचएआई ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे आवागमन के लिए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। निर्माणाधीन सड़क पर प्रवेश करना सुरक्षा की दृष्टि से जोखिमपूर्ण हो सकता है और इससे निर्माण कार्य भी प्रभावित हो सकता है।

विश्वस्तरीय हाईवे निर्माण पर फोकस

प्राधिकरण ने कहा है कि रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का यह हिस्सा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना है। एनएचएआई सुरक्षित, सुगम और आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है और निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करता है।

img com 2026063019440210517421835368667086079
img com 2026063019440201106473485522169288633

Related Articles

Back to top button