राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन

खो-खो अंडर-14 में बालक टीम ने रजत, बालिका टीम ने कांस्य पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया
जांजगीर-चांपा। जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी, जांजगीर के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जयपुर (राजस्थान) में आयोजित की गई, जिसमें देशभर से विभिन्न राज्यों की टीमों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 आयु वर्ग की बालक एवं बालिका खो-खो टीमों ने सहभागिता की। कड़े अभ्यास, अनुशासन, टीम भावना और रणनीतिक समझ के बल पर बालक टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक अपने नाम किया, वहीं बालिका टीम ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, जिला एवं प्रदेश को गौरवान्वित किया।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कई सशक्त और अनुभवी टीमों के बीच मुकाबले अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहे। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल की टीमों ने तेज गति, समन्वय और अनुशासित खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंतिम क्षण तक खेल भावना बनाए रखी, जिसका परिणाम पदकों के रूप में सामने आया।
विजय के पश्चात खिलाड़ियों के नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएँ एवं खेल प्रेमियों ने पुष्पमालाओं और पुष्पवर्षा के साथ खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। स्टेशन परिसर उत्साह और विजय उल्लास से गूंज उठा।
इसके उपरांत 07 फरवरी 2026 को विद्यालय परिसर में सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में संस्था की उप-प्राचार्या, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करते हैं। खिलाड़ियों के साथ-साथ टीम के कोच एवं शारीरिक-शिक्षा शिक्षकों गिरजा प्रसाद एवं सुश्री यामिनी गांधर्व के योगदान की विशेष सराहना की गई। विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, बनारी के विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जांजगीर-चांपा जिले के लिए प्रेरणास्रोत है।




