छत्तीसगढ़जाँजगीर -चाँपा

जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव में सुप्रसिद्ध जसगीत गायक दिलीप षडंगी की प्रस्तुति ने बांधा समां

जसगीतों की सुमधुर धुनों पर देर रात तक झूमे दर्शक

जांजगीर-चांपा।  जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 का आयोजन जिले के हाईस्कूल मैदान, जांजगीर तथा कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे में 11 से 13 फरवरी तक किया जा रहा है। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत 11 फरवरी को हाईस्कूल मैदान में भक्ति और उल्लास का भावपूर्ण संगम देखने को मिला।
सुप्रसिद्ध जसगीत गायक  दिलीप षडंगी ने अपनी सुमधुर एवं भावप्रवण प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके जसगीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे और पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत माता की वंदना “जय सर्वमंगला दाई मंगलकारिणी, आरती उतारत हावव जगत तारिणी” से हुई। इसके पश्चात “घर-घर दिया माता, घर-घर बाती ओ” सहित अन्य लोकप्रिय जसगीतों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
विशेष रूप से “जांजगीर के चंदउवा बइगा”, “आमा पान के पतरी”, “करेला पान के दोना ओ”, “छुनूर-छुनूर पैरी बाजे”, “ए पान वाला बाबू” तथा “मोर पथरा के देवता सुनत नइ हे ओ” जैसे लोकप्रचलित गीतों पर दर्शकों का उत्साह चरम पर रहा। प्रत्येक गीत पर श्रोताओं ने तालियों और जयकारों के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों द्वारा  दिलीप षडंगी को स्मृति चिन्ह, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button