माघी पूर्णिमा पर बाबा घाट में चित्त्रोत्पला गंगा महाआरती का भव्य आयोजन

आतिशबाजी व भव्य रोशनी से जगमगाया महानदी त्रिवेणी संगम तट
जांजगीर चाम्पा। माता शबरी की पुण्य धरा शिवरीनारायण स्थित महानदी त्रिवेणी संगम तट के बाबा घाट में माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर चित्त्रोत्पला गंगा महाआरती का भव्य आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार महानदी, जोंक नदी एवं शिवनाथ नदी के पवित्र संगम तट पर आयोजित इस महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

सायं 6:30 बजे महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज अपने सहयोगियों सहित आरती स्थल पर पहुंचे। श्री भगवान शिवरीनारायण मठ मंदिर न्यास के तत्वावधान में चांपा सेवा संस्थान द्वारा महाआरती की सभी तैयारियां पूर्ण की गई थीं। इस अवसर पर राजेश्री महन्त जी एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों द्वारा आरती में सम्मिलित ब्राह्मणों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती विधिवत संपन्न हुई।
महामंडलेश्वर राजेश्री महन्त रामसुन्दर दास जी महाराज ने अपने संदेश में कहा कि शिवरीनारायण के इस पवित्र त्रिवेणी संगम तट पर विगत 27 वर्षों से प्रतिदिन संध्याकालीन आरती संपन्न होती आ रही है। माघी पूर्णिमा के अवसर पर पिछले कुछ वर्षों से महाआरती का आयोजन किया जा रहा है, जो इस वर्ष भी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप भव्य रूप से संपन्न हुआ। उन्होंने भगवान शिवरीनारायण से प्रार्थना करते हुए कार्यक्रम के निरंतर आयोजन की कामना की तथा देशवासियों को माघी पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं।

रोशनी व आतिशबाजी ने मोहा मन
महाआरती के अवसर पर बाबा घाट को भव्य विद्युत सजावट एवं पुष्पमालाओं से सजाया गया था। आकर्षक आतिशबाजी ने त्रिवेणी संगम तट की छटा को और भी अलौकिक बना दिया।
नौकाओं से श्रद्धालुओं ने लिया आरती का आनंद
महाआरती के दर्शन हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालु नौकाओं पर सवार होकर अपने परिवार व इष्ट मित्रों सहित आरती का आनंद लेते नजर आए।

संगीत प्रस्तुति रही आकर्षण का केंद्र
बिलासपुर से आए पंडित महावीर शर्मा एवं साथियों द्वारा प्रस्तुत मधुर भक्ति संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
चांपा सेवा संस्थान ने निभाई अहम भूमिका
चांपा सेवा संस्थान द्वारा भगवान शिवरीनारायण मठ मंदिर न्यास के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाआरती का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम को मनोज मित्तल, पुरुषोत्तम शर्मा, पद्मेश शर्मा, अरुण उपाध्याय, शशांक तिवारी एवं साथियों ने श्रद्धा एवं भक्ति भाव से संपन्न कराया।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान, नवागढ़ न्यायाधीश सुश्री आरती ठाकुर, दिनेश दुबे, वीरेंद्र तिवारी, पूर्णेन्द्र तिवारी, चंद्रदेव राय, अयोध्या प्रसाद त्रिवेदी, राघवेंद्र प्रताप सिंह, हेमंत पल्लवी दुबे, रीना सुखराम दास जी, त्यागी जी महाराज, निरंजन लाल अग्रवाल, सुबोध शुक्ला, कमलेश सिंह, शैलेश शर्मा, लल्लन देवांगन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




