खोखरा जेल में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त छापेमारी, बैरकों की सघन तलाशी
औचक निरीक्षण में रसोई और सुरक्षा व्यवस्था की जांच, प्रशासन-पुलिस की टीम ने किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा। जिले के खोखरा स्थित जिला जेल में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण करते हुए छापामार कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर के सभी बैरकों की सघन तलाशी ली और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बैरकों और रसोई का किया निरीक्षण:
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल के सभी बैरकों में पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया। साथ ही जेल की रसोई, परिसर और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का भी बारीकी से निरीक्षण किया गया।
प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम रही मौजूद:
इस कार्रवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडिशनल कलेक्टर, तहसीलदार सहित अन्य राजस्व अधिकारी शामिल रहे। वहीं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में एएसपी उमेश कुमार कश्यप, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम और सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे सहित पुलिस की टीम मौजूद रही।
वर्ष में दो बार होता है औचक निरीक्षण:
अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार वर्ष में दो बार जेल का औचक निरीक्षण किया जाता है। इसी के तहत जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा खोखरा जेल का निरीक्षण किया गया।




