लायंस स्कूल के वरिष्ठ शिक्षक विरेन्द्र वर्मा 33 वर्षों की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त

लायंस क्लब शिक्षण समिति और स्कूल स्टाफ ने दी भावभीनी विदाई
जांजगीर चांपा। लायंस क्लब चांपा द्वारा संचालित लायंस इंग्लिश हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत वरिष्ठ शिक्षक एवं ग्रंथपाल विरेन्द्र कुमार वर्मा 33 वर्षों की लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी करने के बाद शनिवार, 28 फरवरी को सेवानिवृत्त हो गए। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ लायंस क्लब शिक्षण समिति और स्कूल स्टाफ ने उन्हें ससम्मान विदाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए मैनेजमेंट और स्टाफ के सदस्यों ने श्री वर्मा के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि एक शिक्षक ही बच्चों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाता है, जिससे छात्र अपने भविष्य और करियर को सही दिशा दे पाते हैं। श्री वर्मा ने अपने पूरे जीवन में एक शिक्षक और ग्रंथपाल के रूप में हजारों बच्चों का मार्गदर्शन किया है। कार्यक्रम में लायंस क्लब शिक्षण समिति द्वारा उन्हें ग्रेच्युटी का चेक, शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती अजिता वी. के. ने श्री वर्मा के साथ बिताए पुराने अनुभवों को याद करते हुए उन्हें एक सहज और समर्पित व्यक्तित्व बताया। उन्होंने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। अपनी विदाई पर भावुक होते हुए विरेन्द्र वर्मा ने कहा कि सेवा से निवृत्त होने के बाद भी वे जीवन के अगले पड़ाव में गुरु-शिष्य परंपरा के लिए सदैव कार्य करते रहेंगे। उन्होंने लायंस क्लब और अपने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
विदाई समारोह में मुख्य रूप से लायंस क्लब शिक्षण समिति के चेयरमैन लायन रामप्रपन्न देवांगन, अध्यक्ष लायन संतोष कुमार सोनी, क्लब सचिव लायन राजेश अग्रवाल, स्कूल सचिव सी.ए. लाययन सुरेश अग्रवाल, प्राचार्य श्रीमती अजिता वी. के. सहित विद्यालय का समस्त शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।




