निर्माण कार्यों में पारदर्शिता की नई पहल: ‘जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल’ लॉन्च, एक क्लिक में मिलेगी विकास कार्यों की पूरी जानकारी, 569 कार्य पोर्टल पर उपलब्ध

जांजगीर-चांपा, 18 मार्च 2026। जिले में निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “जांजगीर-चांपा निर्माण पोर्टल” की शुरुआत की गई है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की पहल पर 15 सितंबर 2025 से संचालित यह पोर्टल आम नागरिकों को घर बैठे विकास कार्यों की अद्यतन जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
एक क्लिक में विकास कार्यों की जानकारी
champa.in पोर्टल के माध्यम से नागरिक अब विभिन्न निर्माण कार्यों की स्वीकृति, प्रगति और क्रियान्वयन की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता के साथ जनविश्वास भी मजबूत हो रहा है।
569 निर्माण कार्यों का डेटा उपलब्ध
पोर्टल में वर्ष 2024-25 के 485 कार्य और वर्ष 2025-26 के 84 कार्य, कुल 569 निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी अपलोड की गई है। साथ ही नए कार्यों और उनकी प्रगति को नियमित रूप से अपडेट किया जा रहा है।
विभागों को नियमित अपडेट के निर्देश
कलेक्टर श्री महोबे ने सभी विभागों और एजेंसियों को निर्देशित किया है कि स्कूल भवन, आंगनवाड़ी, नाली और सड़क निर्माण जैसे कार्यों की जानकारी एवं फोटो नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि आम नागरिक गुणवत्ता और प्रगति की निगरानी कर सकें।
जनभागीदारी से बढ़ेगी निगरानी
यह पोर्टल नागरिकों को अपने क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्यों पर नजर रखने और सुझाव देने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। इससे कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
नागरिकों से उपयोग की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से पोर्टल का अधिक से अधिक उपयोग करने और विकास कार्यों की निगरानी में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।





