देर रात शोर मचा रहे डीजे पर पुलिस का डंडा, मेटाडोर सहित पूरा साउंड सिस्टम जब्त; संचालक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के कड़े निर्देश के बाद जांजगीर पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। देर रात चांपा रोड पर कान फोड़ू आवाज में डीजे बजाकर शांति भंग करने वाले एक संचालक के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूरा सिस्टम जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी, तभी सूचना मिली कि चांपा रोड पर एक मेटाडोर में डीजे सिस्टम माउंट कर अत्यधिक आवाज में संगीत बजाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और शोर मचा रहे वाहन को रोका।
मेटाडोर और डीजे सिस्टम जब्त, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके पर ही डीजे संचालक ज्योतिष कश्यप (निवासी बालको, कोरबा) को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजे लगा मेटाडोर और साउंड सिस्टम को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली थाना लाया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है।

एसपी के सख्त निर्देश: नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी
गौरतलब है कि एसपी विजय कुमार पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि रात में निर्धारित समय के बाद या तय सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक भीम श्रीवास और आरक्षक नितेश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।



