पामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: छत के रास्ते घर में घुसकर बाइक पार करने वाले 3 शातिर चोर गिरफ्तार

चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में थे आरोपी; घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, एक नाबालिग भी शामिल
जांजगीर-चांपा। जिले की पामगढ़ पुलिस ने चोरी के मामले में तत्परता दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। घर के भीतर घुसकर मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल है।
छत के रास्ते घर में घुसे थे चोर
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भैया राम यादव (निवासी देहान पारा, नंदेली) ने 9 मई की सुबह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 मई की रात वह अपने परिवार के साथ सो रहा था। इस दौरान अज्ञात चोरों ने घर की छत के रास्ते अंदर प्रवेश किया और दरवाजा खोलकर घर के भीतर खड़ी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-11-AU-9399) चोरी कर ली। सुबह उठने पर बाइक नदारद देख प्रार्थी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी एसपी श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस सक्रिय हुई। मुखबिर से सूचना मिली कि पंकज कश्यप और उसके साथी चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहे हैं। पुलिस ने तत्काल पामगढ़ शराब भट्टी के पास घेराबंदी की और तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने तालाब पार पर शराब पीने के बाद चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले में निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
अंशु पटेल उर्फ चिट्टी (निवासी व्यासनगर, पामगढ़)
कुलदीप भानू (निवासी नंदेली)
पंकज कश्यप (निवासी व्यासनगर, पामगढ़)
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 331 (2), 305 (क), 3 (5) BNS के तहत कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अपचारी बालक को किशोर न्यायालय में पेश किया गया।





