नगर की समस्याओं को लेकर भाजपा नेता शंकर सिंघानिया ने मंत्री खुशवंत गुरु को सौंपा मांगपत्र

रोजगार प्रशिक्षण, डॉक्टरों की भर्ती, सड़क मरम्मत और आवारा पशुओं की समस्या के समाधान की मांग; नारों के साथ किया मंत्री का स्वागत
जांजगीर-चांपा। भाजपा नेता एवं नगर विकास सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर सिंघानिया ने शुक्रवार को मंत्री खुशवंत गुरु से मुलाकात कर नगर की विभिन्न बुनियादी समस्याओं को लेकर एक विस्तृत मांगपत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने अपनी टीम के साथ हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “घर-घर तिरंगा” के नारों के साथ मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।
युवाओं को रोजगार और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मांगपत्र में शंकर सिंघानिया ने कहा कि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। साथ ही छत्तीसगढ़ में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से सघन पौधरोपण अभियान चलाया जाए। उन्होंने नगर की क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने और सड़कों पर आवारा घूमने वाले मवेशियों के कारण हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उनके अलग प्रबंधन की मांग की।
सड़क सुरक्षा और रिक्त पदों को भरने की मांग
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए नाबालिग बच्चों के वाहन चलाने पर सख्ती से रोक लगाने तथा मालवाहक वाहनों में रेडियम पट्टी अनिवार्य करने की मांग रखी गई। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा शिक्षा व पुलिस विभाग में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने का आग्रह किया। सिंघानिया ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से नगर का समग्र विकास होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।




