
न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने के एक दिन बाद बाथरूम में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
🔴 आज की बात न्यूज़ | जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले की जिला जेल खोखरा में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म के एक मामले में बंद आरोपी का शव जेल परिसर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई।
एक दिन पहले ही भेजा गया था जेल
जानकारी के अनुसार बलौदा थाना क्षेत्र में दर्ज एक नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म मामले में आरोपी दुवास केंवट (21 वर्ष), निवासी जवाली, थाना बाकीमोंगरा, जिला कोरबा को गिरफ्तार कर 8 जून को न्यायालय में पेश किया गया था। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जिला जेल खोखरा भेजा गया था। मंगलवार सुबह जेल परिसर के बाथरूम में आरोपी का शव कपड़े के फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
नाबालिग अपहरण और दुष्कर्म के मामले में था गिरफ्तार
बताया जा रहा है कि 5 मार्च 2026 को बलौदा थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। साइबर तकनीक और अन्य माध्यमों से तलाश के बाद पुलिस ने बालिका को कोरबा जिले से बरामद किया था।
जांच के दौरान आरोपी दुवास केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था।
आत्महत्या के कारणों की होगी जांच
फिलहाल आरोपी की मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
जिला जेल के भीतर हुई इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। आखिर आरोपी ने यह कदम कैसे उठाया और घटना के समय निगरानी व्यवस्था की क्या स्थिति थी, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।




