क्राइमजाँजगीर -चाँपा

शादी का झांसा देकर अनाचार करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार: भिलाई क्षेत्र में घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा

शादी का प्रलोभन देकर जबरन अनाचार का आरोप

जांजगीर चाम्पा। शादी का झांसा देकर युवती के साथ जबरन अनाचार करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान चोरभट्टी निवासी गंगाधर कश्यप (24 वर्ष) से थी और दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत होती थी। इस दौरान आरोपी ने शादी करने और पत्नी बनाकर साथ रखने का झूठा प्रलोभन देकर पीड़िता के साथ जबरन अनाचार की घटना को अंजाम दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी को लिया गया हिरासत में

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भिलाई स्थित बैकुंठ धाम के पास छावनी क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी गंगाधर कश्यप को अभिरक्षा में ले लिया।

जुर्म स्वीकार करने पर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर

पुलिस द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल सहित उपनिरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षकों की टीम की मुख्य भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button