क्राइमजाँजगीर -चाँपाहादसा

अमोदा में दर्दनाक हादसा: 11 केवी लाइन की चपेट में आने से मजदूर की मौत

निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान हुआ हादसा, ग्रामीणों में आक्रोश

जांजगीर-चांपा। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अमोदा में गुरुवार को हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। कथित रूप से बेजा कब्जे की जमीन पर बनाए जा रहे निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे एक मजदूर की 11 केवी हाईवोल्टेज बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, वहीं मृतक के परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

काम के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक संतोष कुमार कर्ष (उम्र लगभग 40 वर्ष), पिता महेततर कर्ष, निवासी हरदी हरि मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह गुरुवार को ग्राम अमोदा में एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। बताया जा रहा है कि मकान के ऊपर से 11 केवी हाईवोल्टेज बिजली लाइन गुजर रही थी। काम के दौरान मजदूर अचानक करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग

घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि हाईवोल्टेज लाइन के नीचे बिना सुरक्षा मानकों के निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जो पूरी तरह खतरनाक है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है। नवागढ़ थाना प्रभारी मणिकांत पांडेय ने बताया कि जिला अस्पताल जांजगीर में मर्ग कायम होने के बाद डायरी का इंतजार है। डायरी प्राप्त होते ही मामले में त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button