नैला पुलिस की त्वरित कार्रवाई: पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, प्रयुक्त चाकू व स्टील पाइप बरामद

सिर, कंधे और हाथ में गंभीर चोट आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया आहत; मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त हथियार जप्त
🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। जिले के नैला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिवनी खैरवार में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक राय होकर युवक पर चाकू, स्टील पाइप और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में तत्परता दिखाते हुए नैला पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जिसमें एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक (नाबालिग) भी शामिल है।
जिला अस्पताल से मिली सूचना, पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 सितंबर को जिला चिकित्सालय जांजगीर से सूचना मिली कि ग्राम सिवनी खैरवार निवासी संत कुमार बरैठ (45 वर्ष) गंभीर हालत में भर्ती हैं। डॉक्टर की मुलाहिजा रिपोर्ट के अनुसार आहत के सिर, दाहिने कंधे और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नैला पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर गवाहों के बयान दर्ज किए।
हथियार बरामद, सभी आरोपी भेजे गए जेल
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते संत कुमार पर हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त चाकू, स्टील की पाइप और लकड़ी का डंडा बरामद कर लिया है। सभी साक्ष्यों के आधार पर संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
- समीर सारथी उर्फ राजू (निवासी ग्राम सिवनी)
- रंजीत सारथी उर्फ विक्की (निवासी ग्राम सिवनी)
- प्रमोद कुमार यादव (निवासी ग्राम सिवनी)
- संदीप सारथी (निवासी ग्राम सुकली, थाना जांजगीर)
- दीपक कुमार रोहिदास (मामले में एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बालक भी शामिल है)
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र वैष्णव, एएसआई नरेंद्र शुक्ला, प्रधान आरक्षक राजमणि द्विवेदी, जगदीश अजय, संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू एवं गोपेश्वर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।




