भारत माला प्रोजेक्ट के टोल प्लाजा से बैटरी चोरी करने वाले 3 आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून के लंबे हाथों से बच नहीं सकता। बलौदा पुलिस ने इसे सच कर दिखाया है। भारत माला निर्माणाधीन फोरलेन रोड के टोल प्लाजा से कीमती बैटरियां पार करने वाले गिरोह को पुलिस ने वारदात के मात्र 4 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है। घटना 25 फरवरी की है, जब निर्माणाधीन टोल प्लाजा (किलोमीटर 29+100) के टीएलसी रूम का ताला तोड़कर चोरों ने 6 नग एमरॉन क्वेंटा बैटरी (कीमत ₹27,000) पर हाथ साफ कर दिया था। प्रार्थी आशीफ कुरैशी की शिकायत के बाद पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आई। थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। तकनीक और सटीक मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस की टीम सीधे ग्राम चारपारा पहुंची और तीन संदेहियों को हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की गई 06 नग बैटरियां और 27,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(a) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- समीर पटेल (22 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा।
- उमेष सिंह कंवर उर्फ लच्छू (40 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा।
- सुनील कंवर (30 वर्ष), निवासी ग्राम चारपारा।




