बालोद में दिनदहाड़े छात्रा पर एसिड हमला: सिंचाई कॉलोनी के पास वारदात को अंजाम देकर भागा सिरफिरा, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

लाइब्रेरी से घर लौट रही थी पुलिसकर्मी की 22 वर्षीय बेटी, चेहरा और दाहिना हिस्सा झुलसा; गंभीर हालत में रायपुर रेफर
🔴 आज की बात News | बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सोमवार को दिनदहाड़े एक छात्रा पर एसिड अटैक की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आमापारा स्थित लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही 22 वर्षीय छात्रा पर सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में एक अज्ञात युवक ने अचानक एसिड फेंक दिया। हमले में छात्रा का चेहरा, आंख और शरीर का दाहिना हिस्सा बुरी तरह झुलस गया है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
चीख सुनकर दौड़े लोग, रायपुर रेफर
घटना बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने घटित हुई। एसिड पड़ते ही छात्रा असहनीय जलन से चीखने-चिल्लाने लगी। आवाज सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायपुर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि पीड़िता ने एमए की पढ़ाई पूरी कर ली है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह शहर में पदस्थ एक पुलिसकर्मी की बेटी है।
वारदात के बाद केनाल की ओर भागा आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक पैदल ही आमापारा केनाल की दिशा में फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका-ए-वारदात की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक जांच जारी, इलाके में नाकाबंदी
पुलिस टीम ने घटनास्थल का सघन निरीक्षण कर वहां से जले हुए कपड़े और अन्य साक्ष्य एकत्र किए हैं। हमले में किस रासायनिक पदार्थ का उपयोग किया गया है और वारदात के पीछे क्या कारण था, इसकी पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम से जांच कराई जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और नाकों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर आरोपी की तलाश की जा रही है।




