जाँजगीर -चाँपा

गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खुले: कलेक्टर-एसपी ने संभाला मोर्चा, महानदी के तटीय इलाकों और शिवरीनारायण बैराज का लिया जायजा

शिवरीनारायण में मोटर बोट संग रेस्क्यू टीम मुस्तैद, बिलासपुर SDRF से संपर्क; कलेक्टर-एसपी ने नागरिकों से की तेज बहाव से दूर रहने की अपील

🔴 आज की बात News | जांजगीर-चांपा। गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने खुद फील्ड में उतरकर मोर्चा संभाला। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने महानदी के तटीय क्षेत्रों, शिवरीनारायण बैराज, प्रमुख घाटों, पुलों और बसंतपुर बैराज का स्थलीय निरीक्षण कर जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

घाटों पर बैरिकेडिंग और पुलिस बल तैनात

संभावित जलभराव और तेज बहाव को देखते हुए शिवरीनारायण क्षेत्र के प्रमुख घाटों और पुलों पर एहतियातन बैरिकेडिंग कर दी गई है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों को पुल-पुलियों पर जलस्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पुलिया पर पानी का बहाव बढ़ता है तो जोखिम को टालने के लिए तत्काल आवागमन रोका जाए।

DDRF की टीमें मुस्तैद, बिलासपुर SDRF से समन्वय

आपदा राहत कार्यों के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की दो टीमें तैनात की गई हैं। एक टीम को मोटर बोट व जरूरी बचाव उपकरणों के साथ शिवरीनारायण में तैनात किया गया है, जबकि दूसरी टीम को जिला मुख्यालय में रिजर्व रखा गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति के लिए बिलासपुर SDRF टीम से भी सतत समन्वय बनाया गया है।

संवेदनशील इलाकों में मुनादी, सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था

कलेक्टर ने तटीय व पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क करने और जरूरी सावधानियों से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए आश्रय स्थलों में बिजली, पानी व जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।

नागरिकों से अपील: सेल्फी और वीडियो के चक्कर में जोखिम न लें

कलेक्टर एवं एसपी ने आम जनता से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों और रपटों से दूर रहें। पानी के तेज बहाव में सेल्फी या वीडियो बनाने का अनावश्यक जोखिम बिल्कुल न लें। वर्तमान में जिले में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और सामान्य है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम भावना साहू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button